जौनपुर के युवक की कटनी में ले जाकर की गई हत्या, पत्नी का आशिक ही निकला कातिल

Belal Jani
By -

पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की परत दर परत खुलती गई, पुलिस ने कातिलों को भेजा सलाखों के पीछे

जौनपुर। पत्नी का अपने ही मित्र के साथ अवैध संबंध होने की जानकारी होने के बाद युवक जब पत्नी से सवाल-जवाब करने लगा तो पत्नी के साथ ही यह बात पत्नी के आशिक को भी नागवार गुजरी और उसने अपने ही दोस्त की हत्या करने के लिए षडयंत्र रच कर एक नवंबर को उसकी हत्या कर शव को मध्य प्रदेश के कटनी जिले के स्लीमनाचाद थाना क्षेत्र के चुधरी रोड तलैया के पास फेंक दिया। सूचना मिलने के बाद वहां की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार पंचनामा भर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चला कि युवक की पत्थर से कूचकर हत्या की गई थी। सीसीटीवी कैमरे और साइबर सेल के सहयोग से एक सप्ताह के अंदर युवक के हत्यारों का सुराग पुलिस ने लग लिया। और मध्य प्रदेश की पुलिस जौनपुर पहुंच कर आरोपी को गिरफ्तार कर अपने साथ कटनी लेकर चली गई। गुरुवार को एसपी अभिजीत रंजन ने घटना का खुलासा कर दिया।
एसपी अभिजीत रंजन के मुताबिक कटनी जिले के स्लीमनाचाद थाना क्षेत्र के चुधरी रोड तलैया के पास एक नवंबर को जिस युवक का शव मिला था, उसकी यहां हत्या की गई थी। पोस्टमॉर्टम से पता चला था कि उसकी पत्थर पटक कर हत्या की गई थी। युवक की पहचान जौनपुर जनपद निवासी संदीप यादव उम्र लगभग 30 वर्ष के रूप में हुई थी। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने घुघरी गांव के अभिषेक यादव 25 वर्ष को गिरफ्तार किया। अभिषेक ने हत्या की बात कबूली और अपने अन्य साथियों की जानकारी भी दी। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए उत्तर प्रदेश के जौनपुर पहुंची और  जौनपुल जिला निवासी दीपक यादव 27 वर्ष, आनंद यादव 24 वर्ष और एक नाबालिग को भी पकड़ लिया है। इस मामले के जौनपुर निवासी सत्येन्द्र यादव फरार है।
संदीप को उसके दोस्त मैहर घूमाने के बहाने जौनपुर से ले गए थे फिर वहां पुपरी रोड की तलैया के पास लाकर पत्थर पटक कर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने शव को जलाने का भी प्रयास किया था। हत्या के पहले युवक को पूरे रास्ते शराब भी पिलाई गई थी। एसपी ने यह भी बताया कि आरोपी दीपक यादव संदीप का दोस्त था। उसके संदीप की पत्नी से अवैध संबंध थे। यह बात संदीप को पता चल गई थी, जिसके बाद संदीप अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने लगा था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी दीपक यादव ने दोस्तों के साथ मिलकर संदीप की हत्या की योजना बनाई। आरोपी दीपक यादव का चचेरा भाई स्लीमनाबाद के घुघरी में रहता था। यही वजह है कि हत्या को स्लीमनाबाद क्षेत्र में अंजाम दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।