पतंग उड़ाते समय करंट की चपेट में आने से हुई घटना,ननिहाल गया था जन्मदिन समारोह मनाने
जौनपुर। चंदवक क्षेत्र के बरैछाबीर गांव निवासी सुजीत यादव के 7 वर्षीय बेटे अभि की गाजीपुर जनपद के सैदपुर में 11 हजार हाई बोल्टेज विद्युत तार की चपेट में आने से गुरुवार को दर्दनाक मौत हो गई। मासूम अपनी मां के साथ ननिहाल जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था, जहां छत के ऊपर पतंग उड़ाने के दौरान गुजरे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। जानकारी घर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
गांव निवासी सुजीत यादव के दो संतान हैं। एक बेटा और एक बेटी। मृतक बेटा अभि कक्षा 2 का छात्र था। वह चंदवक के एक निजी विद्यालय में पढ़ता था।जन्मदिन समारोह के दौरान वह घर की छत पर चला गया। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए ऐसे खतरनाक तारों को सुरक्षित दूरी पर हटाने की मांग की है। मासूम छात्र की मौत की सूचना पर शोक में विद्यालय बंद कर दिया गया। मृतक की मौत से पिता सुजीत यादव माता पूनम समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।