रक्षाबंधन पर्व पर बहनों ने भाइयों को बांधी राखी,लिया रक्षा का संकल्प

Belal Jani
By -

जौनपुर।भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन शनिवार को शहर के अलावा  ग्रामीण इलाकों में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही बहनों ने अपने छोटे-बड़े भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, भाइयों ने बहनों को रक्षा का वचन देते हुए उपहार भेंट किए।

जिन बहनों के भाई दूर रहते थे, वे या तो स्वयं उनके पास पहुंचीं या भाई राखी बंधवाने आए। इस कारण दिनभर सड़कों पर वाहनों की  आवाजाही लगी रही।रोडवेज बस अड्डों से लेकर रेलवे स्टेशन तक आम दिनों की तुलना में अधिक भीड़ रही। कई रेलवे क्रॉसिंग पर एक साथ कई ट्रेनों के गुजरने से फाटक लंबे समय तक बंद रहा, जिससे राहगीरों की लंबी कतारें लग गईं।

स्थानीय बाजारों में भी रौनक चरम पर रही। मिठाई की दुकानों के बाहर बड़े-बड़े स्टॉल सजाए गए। पूरे दिन जमकर मिठाई की खरीदारी हुई।

सोशल मीडिया पर भी रक्षाबंधन का उत्साह साफ नजर आया, जहां लोग दिनभर राखी बांधने और पारिवारिक मिलन की तस्वीरें साझा करते रहे।