जौनपुर। वाराणसी सुल्तानपुर रेलवे प्रखंड स्थित जौनपुर सिटी और बक्सा रेलवे स्टेशन के मध्य लखवां गांव के पास क्रॉसिंग गेट को तोड़कर ट्रैक्टर लेकर फरार होने वाले को आरपीएफ ने ट्रैक्टर समेत गिरफ्तार कर चालान किया और वाराणसी न्यायालय भेज दिया।
बताया जाता है कि लखवां गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग गेट संख्या 12 सी सोमवार रात्रि लगभग 7:00 बजे पटना से कोटा जाने वाली ट्रेन नंबर 13239 तथा लखनऊ की तरफ से बनारस जाने वाली मालगाड़ी के गुजरने को लेकर गेटमैन ने क्रॉसिंग गेट को बंद कर दिया था। इसी दौरान एक व्यक्ति ट्रैक्टर लेकर आया और गेट तोड़ते हुए ट्रैक्टर समेत मौके से फरार हो गया। गेट तोड़ने की सूचना जब गेटमैन ने आरपीएफ जौनपुर सिटी चौकी प्रभारी विजय शंकर पांडेय को दिया तो सुसंगत धारा में मुकदमा दर्ज कर वह गेटमैन द्वारा बताई गई ट्रैक्टर चालक की पहचान कर। मंगलवार दोपहर ट्रैक्टर चालक बक्सा थाना क्षेत्र के लखवां गांव निवासी प्रदीप यादव पुत्र मदन यादव को उसके घर से ट्रैक्टर समेत गिरफ्तार कर चालान किया और वाराणसी न्यायालय भेज दिया। हालांकि गेट टूटने से गेट पर सीकड़ लगाकर ट्रेनों को गुजरा गया जिससे कोई ट्रेन प्रभावित नहीं हुई।