डीएम ने जेल का किया औचक निरीक्षण, बैरकों की तलाशी में नहीं मिली कोई आपत्तिजनक वस्तु

Belal Jani
By -



जौनपुर।जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने शनिवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बैरकों की सघन तलाशी ली गई, जिसमें कोई भी आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।
जिलाधिकारी ने कारागार में निरुद्ध बंदियों से संवाद कर उनका हालचाल जाना तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने जेल अस्पताल का निरीक्षण किया और भर्ती बंदियों से स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में बातचीत की। बंदियों ने बताया कि उन्हें समय पर दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा उचित उपचार मिल रहा है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की पाकशाला में पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की। समग्र निरीक्षण में किसी प्रकार की गंभीर समस्या सामने नहीं आई।
जिलाधिकारी ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए तथा बंदियों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: