काटे जा रहे पेड़ के युवक के उपर गिरने से हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम

Belal Jani
By -



जौनपुर।मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के बारीगांव नेवादा गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। गांव में काटे जा रहे नीम के पेड़ के अचानक गिर जाने से उसकी चपेट में आए 42 वर्ष युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

 जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विनय पटेल ने अपना एक नीम का पेड़ बेच दिया था, जिसे एक व्यापारी के मजदूर काट रहे थे। इसी दौरान गांव के निवासी अरविंद पटेल किसी शादी समारोह में दैजा देकर वापस अपने घर लौट रहे थे। जब वह उस स्थान के पास पहुंचे, जहां पेड़ की कटाई का कार्य चल रहा था, तभी नीम का विशाल पेड़ अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा।

पेड़ की चपेट में आने से अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची मड़ियाहूं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।