फैक्ट्री का ताला तोड़ चोरी, चार पर मुकदमा दर्ज

Belal Jani
By -

                 
जौनपुर।सुरेरी थाना क्षेत्र के रामपुर निष्फी गांव में संचालित एक गारमेंट फैक्ट्री से सिलाई मशीन और तैयार शर्ट चोरी किए जाने के मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान पति व प्रधान के जेठ समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
           रामपुर निष्फी गांव निवासी अमृत लाल पटेल पुत्र स्वर्गीय शीतला पटेल ने सुरेरी थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि पूरेदयाल- नगेसरा मार्ग स्थित उनका गारमेंट कारखाना पंधारी पटेल के मकान में किराए पर संचालित होता है।
          आरोप है कि बीते मंगलवार की दोपहर रमेश धीवर पुत्र सीताराम धीवर, संजय यादव (प्रधान के जेठ) पुत्र स्वर्गीय रामाशंकर यादव, विनोद यादव (प्रधान पति) पुत्र स्वर्गीय रामाशंकर यादव तथा गोलू धीवर पुत्र रमेश धीवर कारखाने पर पहुंचे और ताला तोड़कर अंदर रखी तीन सिलाई मशीन तथा करीब 450 पीस तैयार शर्ट उठा ले गए।पीड़ित के अनुसार घटना की जानकारी मकान मालिक पंधारी पटेल ने उन्हें दी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल सुरेरी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
        पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद गुरुवार देर रात भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।थानाध्यक्ष सुरेरी दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि चोरी की तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच में घटना प्रथम दृष्टया सत्य पाए जाने पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।