जौनपुर।प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने मंगलवार देर रात जिले में तैनात पांच उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। जारी आदेश के अनुसार कई महत्वपूर्ण तहसीलों और प्रशासनिक पदों पर अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
जारी आदेश के तहत योगिता सिंह को मछलीशहर से स्थानांतरित कर एसडीएम सदर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं संतबीर सिंह को एसडीएम सदर के पद से हटाकर अतिरिक्त उप जिलाधिकारी (द्वितीय), जौनपुर बनाया गया है।
इसी क्रम में अजय कुमार उपाध्याय को अतिरिक्त उप जिलाधिकारी (द्वितीय) के पद से स्थानांतरित कर एसडीएम मछलीशहर नियुक्त किया गया है। सुनील कुमार भारती को अतिरिक्त उप जिलाधिकारी (प्रथम) से हटाकर एसडीएम केराकत की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं शैलेंद्र कुमार को केराकत से स्थानांतरित कर अतिरिक्त उप जिलाधिकारी (प्रथम), जौनपुर के पद पर तैनात किया गया है।
प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को जिले की कार्यप्रणाली को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई तैनाती के बाद सभी अधिकारियों ने अपने-अपने नए दायित्वों का कार्यभार संभालना शुरू कर दिया है।