जौनपुर।शाहगंज तहसील परिसर स्थित शिव मंदिर में एक प्रेमी युगल ने दोनों परिवारों की सहमति से विवाह रचा लिया। विवाह से पूर्व युवक और युवती ने विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए कोर्ट मैरिज की, जिसके बाद धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार शिव मंदिर में सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
जानकारी के अनुसार युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों की सहमति मिलने के बाद विवाह का निर्णय लिया गया। बताया जा रहा है कि युवक सुल्तानपुर जनपद का निवासी है, जबकि युवती जौनपुर जिला शाहगंज की रहने वाली है।
कोर्ट मैरिज की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परिवारजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों की मौजूदगी में तहसील स्थित शिव मंदिर परिसर में विवाह समारोह संपन्न हुआ। इस दौरान वर-वधू ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई तथा पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लिए।
विवाह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बड़ी संख्या में लोग वीडियो को देख और साझा कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह विवाह चर्चा का विषय बना हुआ है। परिवारों की सहमति से संपन्न हुए इस विवाह को लोगों द्वारा सकारात्मक दृष्टि से देखा जा रहा है।