डीएम ने निर्माणाधीन जेल का किया निरीक्षण,कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

Belal Jani
By -



जौनपुर।जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार देर सायं निर्माणाधीन नवीन जिला कारागार का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए तथा आवश्यक मशीनों और निर्माण सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने निर्माणाधीन ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर ढंग से विकसित करने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या उत्पन्न न होने पाए और समस्त आवासीय एवं अनावासीय परिसरों से जल निकासी की व्यवस्था सुचारू रहे।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मल्टीपरपज हॉल और हाई सिक्योरिटी बैरक के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में मिट्टी समतलीकरण कर हरित क्षेत्र एवं बगीचा विकसित करने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने मुख्य परिधि दीवार, सर्किल वॉल, पार्टीशन वॉल और कैंपस वॉल का निरीक्षण किया। साइट प्रयोगशाला में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांच के लिए किए गए ब्रेक टेस्ट और क्यूब टेस्ट निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि बाउंड्री वॉल के शेष कार्य एक माह के भीतर पूरे किए जाएं तथा ओवरहेड टैंक के निर्माण सहित अन्य सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समय से पूर्ण किए जाएं। इसके अलावा मल्टीपरपज हॉल के ग्राउंड फ्लोर स्लैब की कास्टिंग और फायर फाइटिंग सिस्टम के कार्यों को भी निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निकट लाइटनिंग अरेस्टर लगाने तथा निर्माण स्थल पर श्रमिकों के लिए हेलमेट, सुरक्षा बेल्ट और सेफ्टी जैकेट का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने श्रमिकों की सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी पुष्पराज सिंह, जेल अधीक्षक पवन कुमार द्विवेदी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण यादव, सहायक अभियंता करुणेश अरोड़ा, देशदीपक, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि, ठेकेदार तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: