जौनपुर ! खेतासराय क्षेत्र के यूनियन बैंक के समीप मंगलवार तड़के एक बालू लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसा। हादसे में दुकान का शेड और सीढ़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर चालक को नींद आने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बनी दुकान से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को हटवाकर मार्ग को सुचारु कराया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त मार्ग पर भारी वाहनों के चालकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और बड़े हादसों से बचा जा सके।