जौनपुर।खेतासराय के गोला बाजार वार्ड में दावत के बाद एक घर से बॉक्स, सोने-चांदी के जेवरात और 10 हजार रुपए चोरी हो गए। सुबह परिवार के लोगों ने कमरे का ताला टूटा और बॉक्स गायब पाया।
गोला बाजार वार्ड निवासी अमर मौर्य उर्फ वीरू का नया मकान टेलीफोन एक्सचेंज के पीछे खेत में बना है। बीती रात उनके घर पर दावत हुई थी, जिसमें कुछ दोस्त और परिचित शामिल हुए। दावत खत्म होने के बाद सभी अपने घर चले गए।सुबह परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर रखा बॉक्स गायब था। उसमें सोने-चांदी के जेवरात और 10 हजार रुपए रखे थे। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन बॉक्स नहीं मिला। इसके बाद यूपी-112 पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची खेतासराय पुलिस ने घटनास्थल देखा। पुलिस आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है।