जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के पलिया गांव में नीम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे लटकता हुआ किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गयी।जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी सोचन बिन्द के बड़े भाई की मंगलवार को तेरहवी थी। परिवार के सभी सदस्यों के साथ उसकी पुत्री रानी (17) कामकाज में हाथ बटा रही थी। देर रात भोज समाप्त होने पर परिवार के सभी सदस्य सोने चले गये। रात लगभग 3 बजे उक्त गांव निवासी कर्मराज बिन्द पानी भरने के लिए उठे तो दरवाजे के सामने नीम की डाली से किशोरी का लटकता शव देखकर अवाक रह गये। नजदीक जाकर देखा तो किशोरी की पहचान रानी पुत्री सोचन के रूप में हुई।
गौरतलब है कि घटनास्थल से मृतका के घर की दूरी लगभग 100 मी.है। उसने परिजनों को घटना की सूचना देने के साथ ही प्रधान प्रतिनिधि पंचम बिन्द को भी मामले से अवगत कराया। सूचना पाकर डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। किशोरी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक उमेश यादव द्वारा स्थलीय निरीक्षण एवं घटना के सन्दर्भ में पूछताछ के बाद भी किशोरी की मौत के कारणों का सही पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मृतका की मां केवली की तहरीर पर विधिक कार्रवाई करते हुए शव को अन्त्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजन की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।