गर्दा ,गढ्डा और किचड़ से परेशान जनता, मामला पहुंचा हाईकोर्ट
जौनपुर। कभी धूल गर्दा, कभी किचड़ और गढ्डे में तब्दील सड़कों से परेशान जनता के सब्र का बांध अब टूटने लगा है। नगर के नईगंज मोहल्ला निवासी अनुज विक्रम सिंह ने मंगलवार को हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल कर दिया है। अनुज ने इस मामले में डीएम, जल निगम, नगर पालिका और पीडब्लूडी को पार्टी बनाया है। यानी अब कमल दल वाले भी कहने लगे है "हमारी भूल कमल का फूल"
मालूम हो कि पिछले करीब सात वर्षो से नगर में सीवर पाईप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इस का जिम्मा जल निगम निर्माण विभाग को सौपा गया है। पाइप लाइन बिछाने के लिए शहर की मुख्य मार्गो समेत मोहल्ले की गलियों तक की सड़के खोद दिया गया है। जाड़े और गर्मी के मौसम में नगर की जनता धूल गर्दा खाती रही और बारिश के मौसम में लोगों का घर से निकलना दुश्वार हो गया। किचड़युक्त सड़क को पार करने में प्रतिदिन कोई न कोई व्यक्ति गिरकर घायल हो रहा है। जनता की इस नरकीय जीवन से बेखबर जिले के जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार अधिकारी खामोश है। जिसके कारण कार्यदायी संस्था मनमाने ढ़ंग से कार्य कर रही है। जिसका खामियाजा सीधे जनता को भुगतना पड़ रहा है। अब तो भगवा दल में अपनी आस्था रखने वाले खुलेआम कहने लगे है कि "हमारी भूल कमल का फूल"। कमल दल में पूरी निष्ठा रखने वाले नईगंज मोहल्ले के निवासी अनुज विक्रम सिंह खुलकर सामने आ गये। पहले उन्होने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराया। इसके बाद में सुनवाई न होने के कारण मंगलवार को उन्होने प्रयागराज जाकर अधिवक्ता कैलाशनाथ सिंह के माध्यम से हाईकोर्ट इलाहाबाद में जनहित याचिका दायर कर दिया है। उन्होने इस मामले में उन्होने जिलाधिकारी जौनपुर, जल निगम, पीडब्लूडी और नगर पालिका को पार्टी बनाया है।