जौनपुर।शाहगंज क्षेत्र के नटौली गांव से शिकोहाबाद पुलिस लड़की और लड़के को बरामद कर स्थानीय
कोतवाली पहुंची। कोतवाली गेट पर ही वाहन को रोक देने पर साथ पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस टीम के भागने की आशंका व्यक्त करते हुए कहासुनी के बाद हाथांपाई हो गई। स्थानीय पुलिस और संभ्रांत लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। थाने पर आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस दोनों को साथ ले गई। जानकारी के मुताबिक नटौली दगांव निवासी बंटी राजभर शिकोहाबाद की एक किताब के कारखाने में नौकरी करता था जिसके साथ उसी थाना क्षेत्र की युवती भी काम करती रही। बताते हैं कि युवती की बड़ी बहन की मौत के बाद परिवार के लोग उसका विवाह उसके जीजा के साथ कर दिए थे, लेकिन दोनों के रिश्ते अच्छे नहीं रहे। इसी बीच साथ काम करने वाले बंटी से उसका प्यार परवान चढ़ा और दो महीने पूर्व दोनों नौकरी छोड़कर चल दिए। युवक उसे अपने गांव लेकर आ गया, इसी बीच दोनों ने मजिस्ट्रेट के समक्ष विवाह भी कर लिया।
उधर युवती के परिजन गुमशुदगी दर्ज कराए, जिसकी तलाश में मंगलवार को शिकोहाबाद थाने के उप निरीक्षक अविनाश तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची और दोनों को हिरासत में ले लिया। इस बीच ग्रामीणों से पुलिस टीम की कहासुनी भी हुई। टीम स्थानीय कोतवाली में सूचना देने के बाद ले जाने के लिए लोगों आश्वासन देकर निकली। स्थानीय थाने पर टीम ने अपना वाहन बाहर गेट पर ही खाड़ा किया तो लोगों को शंका हुई कि चकमा देकर भाग सकते हैं। इसी बात पर पुलिस टीम के जवानों और ग्रामीणों के बीच कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। मामले की खबर लगते ही कोतवाली पुलिस, जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र यादव आदि संभ्रांत लोगों ने पहुंचकर मामले को शांत कराया जिसके बाद कोतवाली में लिखापाढ़ी कर पुलिस दोनों को अपने साथ ले जा सकी। मामले में कोतवाली प्रभारी रोहित मिश्रा ने किसी तरह के विवाद से इंकार करते हुए बताया कि लोगों को कुछ शंका हुई थी, उनकी शंका का समाधान करते हुए लड़के और लड़की को संबंधित थाने को भेजा गया।