ससुरालीजनो ने दामाद को चाकू मार कर किया घायल, हालत गंभीर

Belal Jani
By -
जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के ग्राम जूड़ापुर के पास ससुराल वालों ने दामाद को बुलाकर धारदार चाकू से मारकर गंभीर रूप से घायल कर 80000 रूपया छीन लिया। घटना कुछ इस प्रकार की बताई गई है। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भूसेहरा निवासी मनीष कुमार मौर्य का विवाह बरसठी थाना क्षेत्र के ग्राम धर्मदासपुर में हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद ससुरालीजन से मनीष का विवाद चल रहा था। शुक्रवार के दिन उसके ससुराल  के लोग मिले मड़ियाहूं बाजार में और कहा₹80000 नगद लेकर आओ तुम्हारा मामला पंचायत कर खत्म करा दिया जाएगा। मनीष अपने घर वापस गया और ₹80000 लेकर नेवढ़िया थाना क्षेत्र उक्त स्थान पर गया। बातचीत का सिलसिला कुछ इस प्रकार चला कि बात होते-होते रात्रि के लगभग 8:00 बज गए। इसी बीच कहा सुनी के बाद ससुराल से आए हुए सभी लोगों से विवाद हो गया। इसी दौरान एक ने धारदार चाकू निकालकर मनीष के पेट में कई वार कर दिया। चाकू लगने के बाद मनीष ने किसी तरह अपने घर वालों को फोन करके बुलाया और अपना पेट जहां चाकू लगा था उसे गमछे से बांध लिया। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए रामनगर ब्लॉक पर ले गए। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार करने के पश्चात हालत गंभीर देखकर उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मनीष के पिता राजेंद्र प्रसाद मौर्य ने बताया कि ससुराल के लोग सुलह करने के नाम पर जो रुपया मंगाया था उसे भी छीन कर ले गए। मनीष की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।