पत्नी की मौत के बाद,पति ने भी दुनियां को कहा अलविदा

Belal Jani
By -


गाजीपुर। जनपद के भांवरकोल थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव में शुक्रवार को सर्पदंश से महिला की मौत हो गई। शव देख कुछ देर बाद सदमे में हृदयगति रूकने से पति ने भी दम तोड़ दिया। एक साथ हुई दो मौतों के चलते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुत्रों व पुत्री के रोने-बिलखने से ग्रामीणों की आंख भर आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति-पत्नी के शव को पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बता दें वीरपुर गांव निवासी शांति देवी (40) देर शाम परिजनों के साथ खाना खाकर आंगन में चारपाई पर सो रही थी। देर रात सर्प ने उसके पैर में डंस लिया। इस दौरान महिला की नींद टूट गई और वह चिल्लाने लगी। 
आवाज सुनकर परिवार के लोग पहुंच गए और टार्च से देखा सांप आंगन में घूम रहा था। परिवार के सदस्यों ने सांप को मार डाला। इधर महिला की स्थिति बिगड़ने पर उसे झाड़फूंक के लिए अमवा के सती माई लेकर गए। जहां से रात करीब 2.30 बजे ठीक होकर घर आ गई, लेकिन कुछ ही देर बाद शांति देवी की तबीयत बिगड़ने लगी। 
परिजन उसे उपचार के लिए बिहार प्रांत के प्रतापगढ़ अस्पताल ले गए। यहां हालत गंभीर होती देख डाॅक्टराें ने बक्सर जिला अस्पताल भेज दिया। जहां डाक्टर ने उसको देखकर  मृत घोषित कर दिया। 
परिवार के लोग शव लेकर जैसे ही घर पहुंचे कुछ देर बाद सदमे में मृतका के पति रामप्रवेश ऊर्फ गुड्डू की भी पत्नी के सदमे में हृदयगति रूकने से मौत हो गई। पति- पत्नी की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति-पत्नी के शव को कब्जे में ले लिया और आगे की कार्यवाही करने में जुट गई।