सांकेतिक चित्र
जौनपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के हनुमान घाट गोमती नदी घाट पर स्नान करने गए दो किशोरों की डूब कर मौत हो गई। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि मोहल्ला ओलंदगंज निवासी परमेश कुमार माली का 15 वर्षीय पुत्र हर्षित कुमार माली बुधवार देर शाम अपने साथी जुहेब 15 वर्ष पुत्र मोहम्मद शाहबाज के साथ हनुमान घाट पर नहाने गए थे। अचानक नहाते समय दोनों लड़के गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गए। काफी देर रात तक दोनों घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को उनकी चिंता सताने लगी। परिजन दोनों की तलाश में निकल पड़े और काफी देर तक तलाश करने के बाद दोनों का कपड़ा हनुमान घाट पर मिला जिससे यह अनुमान लगाया जाता है कि दोनों लड़को की नदी में डूब कर मौत हो गई है। घटना की जानकारी इलाका पुलिस को दी गई है। दूसरी तरफ परिजन और पुलिस लाश को ढूंढने के लिए देर रात तक प्रयास कर रही थी। लेकिन दोनों किशोरों में से किसी की लाश नहीं मिल सकी थी। जैसे ही यह घटना की जानकारी परिवार वालों को हुई पूरे घर में मातम सा छा गया है। बड़ी संख्या में लोग दोनों के घर पर पहुंच गए और शोक व्यक्त करते देखे गए।