वाराणसी। आशीष जैन मण्डल रेल प्रबन्धक वाराणसी ने सोमवार को पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मण्डल के मण्डल रेल प्रबन्धक का कार्यभार ग्रहण किया। इसके पूर्व श्री जैन मॉडर्न कोच फैक्ट्री राय बरेली (उत्तर प्रदेश) में मुख्य सामग्री प्रबंधक के रूप में कार्यरत थे।
श्री जैन ने बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग की डिग्री सिविल इंजीनियरिंग से की है। श्री जैन भारतीय रेलवे भंडार सेवा (IRSS) के माध्यम से 1995 में रेल सेवा में आये और प्रशिक्षण पूर्ण करने उपरांत अपने कैरियर की शुरुआत अप्रैल 1997 में सहायक मंडल सामाग्री प्रबन्धक पश्चिम रेलवे के अजमेर से किये। तदुपरांत आपने पश्चिम रेलवे के वडोदरा में सहायक सामग्री प्रबंधक, पश्चिम रेलवे मुंबई एवं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्यालय में वरिष्ठ सामग्री प्रबंधक, जनरल स्टोर डिपो/रायपुर एवं उत्तर रेलवे/नई दिल्ली (शकूर बस्ती) में उप मुख्य सामग्री प्रबंधक जैसे पदों का बखूबी निर्वहन किया है।
इसके पश्चात आपने रक्षा मंत्रालय नई दिल्ली में प्रतिनियुक्ति पर निदेशक आई.सी के विशिष्ट पद पर पाँच वर्ष सफलतापुर्वक कार्य किया है। इसके पश्चात आपने उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक तथा रेलवे बोर्ड में डायरेक्टर रेलवे स्टोर (DRS) एवं केन्द्रीय कार्यशाला आधुनिकीकरण संगठन नई दिल्ली में मुख्य सामग्री प्रबंधक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर उल्लेखनीय कार्य किया है।
श्री जैन को सामाग्री प्रबंधन एवं सामान्य प्रशासन में कार्य करने का गहन अनुभव है। आप रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच समान रूप से लोकप्रिय है। इस आशय की जानकारी अशोक कुमार जनसम्पर्क अधिकारी वाराणसी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।