दबंगों ने युवक को मारी गोली और धारदार से गोदकर हत्या कर दी

Belal Jani
By -

बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर भाई की गई जान, मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी 

जौनपुर।केराकत कोतवाली क्षेत्र के पसेवा गांव में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बहन से छेड़छाड़ का विरोध करना एक भाई को इतना महंगा पड़ा कि उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। मनबढ़ युवकों ने 21 वर्षीय युवक को सरेआम गोली मार दी और चाकुओं से हमला कर दिया। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान पसेवा गांव के चौहान बस्ती निवासी शमशेर चौहान के रूप में हुई है। वह मुंबई में काम करता था और धान की खेती के लिए कुछ दिन पहले ही घर लौटा था। मृतक की बहन काजल चौहान इंटर की छात्रा है। परिजनों के मुताबिक, पड़ोस के गांव का एक युवक अक्सर काजल को परेशान करता था। इसकी शिकायत जब शमशेर को मिली, तो उसने  उस लड़के को डांटते हुए दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी दी थी।

बुधवार को शमशेर का छोटा भाई सूरज चौहान गांव के सरकारी ट्यूबवेल पर पाइप डालने का कार्य कर रहा था। तभी चार युवक वहां पहुंचे और सूरज की पिटाई शुरू कर दी। जब शमशेर को इस बात की खबर हुई, तो वह दौड़ता हुआ भाई को बचाने पहुंचा। जैसे ही वह गांव के गोदाम के पास पहुंचा, हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोली चला दी और चाकुओं से हमला कर दिया।

स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल शमशेर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे देखकर मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव व सीओ अजित रजक मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।