फंदे से लटकी मिली महिला का लाश

Belal Jani
By -

जौनपुर। सरपतहा थाना क्षेत्र के रुधौली गांव में शुक्रवार शाम एक महिला का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। प्राथमिक जांच में घटना का कारण पति-पत्नी के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी देवी सोनी अपने बड़े भाई के मकान में परिवार के साथ रहता है। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी प्रीति के साथ विगत कुछ समय से अनबन चल रही थी। शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर प्रीति ने मायके जाने की इच्छा जताई, लेकिन देवी ने अगली सुबह चलने की बात कहकर टाल दिया और गांव में आयोजित एक भंडारे में चला गया। इसी बीच, नाराज प्रीति ने अपने कमरे में साड़ी के सहारे पंखे के हुक से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब देवी घर लौटा, तो पत्नी को फंदे से लटका देख अवाक रह गया। मृतका के दो छोटे बच्चे अक्षत (5 वर्ष) और लाडो (3 वर्ष) हैं, जो मां के जाने से बेसुध हैं। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। हालांकि, परिजनों द्वारा फिलहाल किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाया गया है।