फैक्ट्री में स्क्रैप खरीदने के नाम पर हुआ फर्ज़ी वाड़ा,पीड़ित ने एसपी को दिया प्रार्थना पत्र

Belal Jani
By -

आक्सीजन सिलेंडर देने के नाम पर ठगा गया युवक

जौनपुर।केराकत कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नाऊपुर स्थित बंद पड़ी झूला फैक्ट्री में स्क्रैप खरीदने के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। इस ठगी में भलुआही गांव (तहसील बदलापुर) निवासी सोहनलाल बिन्द से साढ़े छह लाख से अधिक की रकम हड़प ली गई। पीड़ित ने मामले में पुलिस कप्तान से न्याय की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार नीलामी के बाद उक्त फैक्ट्री उपेन्द्र सिंह ने खरीदी थी। इसके बाद उन्होंने स्क्रैप के लिए गुल्जार व हर्ष नामक व्यक्तियों को एग्रीमेंट पर दिया। आरोप है कि दोनों ने सनी जायसवाल के माध्यम से सोहनलाल बिन्द को ऑक्सीजन सिलेंडर बेचने के नाम पर किस्तों में रकम ली।

पीड़ित ने बताया कि उसने 10 जुलाई 2024 को 50 हजार, 22 जुलाई को 4 लाख 23 हजार, 30 जुलाई को 40 हजार तथा 28 अगस्त को 2 लाख रुपये वीर इंटरप्राइजेज के खाते में जमा किए गए। कुल मिलाकर 6,90,000 रुपये लिए गए, लेकिन न तो सिलेंडर दिए गए और न ही रकम लौटाई गई।

सोहनलाल का आरोप है कि जब वह अपने साथियों संग रुपये या सिलेंडर की मांग करने पहुंचा तो गुलजार और हर्ष ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पहले चौकी प्रभारी थानागद्दी और फिर कोतवाली प्रभारी को तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर 1 अगस्त को पुलिस कप्तान को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।

इस संबंध में थानागद्दी चौकी प्रभारी आशुतोष गुप्ता ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।