मर्जी से शादी करने की बात स्वीकारी
जौनपुर।मीरगंज थाने में दर्ज एक अपहरण के मामले में नया मोड़ आ गया है। मुकदमे की "अपहृता" पूजा यादव ने स्वयं पुलिस के सामने उपस्थित होकर खुलासा किया कि उसका अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि उसने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया है। युवती ने सुरक्षा के लिए माननीय उच्च न्यायालय (इलाहाबाद हाईकोर्ट) का दरवाजा खटखटाया है।
पुलिस द्वारा दर्ज विवरण के अनुसार, पूजा यादव (19 वर्ष) निवासी शेखजैनपुर, जौनपुर, जिसके संबंध में परिजनों ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था, वह 6 अप्रैल 2026 को अपने रिश्तेदार के साथ थाने पहुंची। युवती ने बयान दिया कि वह पूरी तरह से बालिग है और अपने जीवन के निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र है।
युवती ने दर्ज अपने बयान में बताया कि उसने 9 फरवरी 2026 को आर्य समाज, प्रयागराज में अंकुश यादव (निवासी भदोही) के साथ विवाह कर लिया है।
वह और अंकुश एक-दूसरे से प्रेम करते थे, लेकिन परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे।
उसे डर था कि घरवाले उसकी शादी कहीं और कर देंगे, इसलिए उसने घर छोड़ा।
जब पुलिस ने युवती के भाई (वादी मुकदमा) को थाने बुलाकर शिनाख्त कराई, तो भाई ने पूजा की पहचान अपनी बहन के रूप में की। हालांकि, अपनी मर्जी से शादी करने की बात सुनकर भाई ने बयान दिया कि "अब मेरा और मेरे परिवार का इससे कोई संबंध नहीं है, यह जो चाहे करे।"
दूसरी ओर, पूजा यादव ने हाईकोर्ट की शरण लेते हुए गुहार लगाई है कि उसे और उसके पति को उसके परिजनों से खतरा है। उसने पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है ताकि उसे प्रताड़ित न किया जा सके।
थानाध्यक्ष मीरगंज प्रशांत सिंह ने बताया कि युवती के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। हाईकोर्ट के निर्देशों और कानूनी प्रक्रिया के पालन में युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए महिला जिला अस्पताल,और बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय जौनपुर भेजा गया है। मामले की विवेचना अभी प्रचलित है।