जौनपुर।केराकत कोतवाली क्षेत्र के सिहौली गांव में बुधवार को प्रातः लगभग सात बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर सैनिक गिरजा शंकर महाविद्यालय के ठीक सामने मुख्य सड़क से लगभग तीस मीटर दूर गाँव के रास्ते पर एक व्यक्ति का शव देख कर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बाद में मृतक की पहचान मगरु 50वर्ष पुत्र निहुरि बनवासी निवासी चोलापुर, वाराणसी के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि मृतक केराकत क्षेत्र के बम्बावन गांव स्थित एक सिंह के ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। मंगलवार को शाम सगड़ी लेकर केराकत आया था, और काम खत्म कर घर जा रहा था। तभी तबियत बिगड़ने पर सड़क किनारे सगड़ी से गिर गया और वही पर देर रात्रि तक पड़ा रहा।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटना से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।