जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के अन्तर्गत जहरुद्दीन पुर गांव के पास लखनऊ-बलिया मार्ग पर रविवार शाम पांच बजे क्रेन की चपेट में आने से मोटरसाइकल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं उसके साथ सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्रेन व शव को कब्जे में लेते हुए आवश्यक कार्यवाही करने जुट गई है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अंबेडकर नगर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत लाभापार के रहने वाला सुंदर लोना (58) क्षेत्र के बुमकहां गांव में अपनी ससुराल आया था। शाम को वह अपने साले चुलबुल के साथ बाइक से वापस सरायमोहिउद्दीनपुर की तरफ से ससुराल की ओर वापस जा रहा था। इसी दौरान जहरुद्दीनपुर गांव के पास पीछे से आ रहे क्रेन की चपेट में आने से बाइक सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। तत्काल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुडथाकला ले जाया गया जहां उपचार के दौरान सुंदर लोना की मृत्यु हो गई जब कि चुलबुल की हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।