बगैर परमिट दौड़ रहीं स्कूल बसों पर कार्रवाई, 4 वाहन सीज, 9 का चालान

Belal Jani
By -


जौनपुर।स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह के निर्देशन में यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार द्वारा विशेष अभियान चलाकर स्कूल वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान बिना परमिट एवं आवश्यक दस्तावेजों के संचालित 4 स्कूली बसों को सीज कर थाने में खड़ा कराया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले 9 अन्य वाहनों का चालान किया गया।
अधिकारियों ने जनपद के सभी विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और वाहन स्वामियों को निर्देशित किया है कि जिन स्कूल वाहनों का परमिट समाप्त हो चुका है या बिना परमिट के वाहन संचालित हो रहे हैं, वे तत्काल परमिट का नवीनीकरण अथवा नया परमिट बनवा लें।
परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि बिना परमिट के संचालित वाहनों के खिलाफ आगे भी चालान और निरुद्धीकरण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Tags: