मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर लुटेरा गिरफ्तार,साथी फरार

Belal Jani
By -

 देशी तमंचा, कारतूस व बिना नम्बर प्लेट की बाइक बरामद


जौनपुर।बरसठी अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बरसठी एवं थाना रामपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर हिस्ट्रीशीटर एवं लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से एक देशी तमंचा 32 बोर, दो जिन्दा कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा बिना नम्बर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
 जौनपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बरसठी जयप्रकाश यादव तथा प्रभारी निरीक्षक रामपुर विनोद कुमार अपनी टीम के साथ परियत तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिना नम्बर प्लेट की काले रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आलमगंज की तरफ से आ रहे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने महमूदपुर बैरी पट्टी तिराहा रसूलहा-आलमगंज मार्ग पर नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बाइक चला रहा एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा, जबकि दूसरा साथी फायरिंग करते हुए झाड़ियों के रास्ते फरार हो गया।
घायल बदमाश की पहचान रुस्तम पुत्र मुस्लिम निवासी सहाबुद्दीनपुर थाना गौराबादशाहपुर जनपद जौनपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी तमंचा 32 बोर, दो जिन्दा कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा बिना नम्बर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त रुस्तम एक हिस्ट्रीशीटर एवं शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध जौनपुर एवं आजमगढ़ जनपद के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर, हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में दर्जनभर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने घायल अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल भेजते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार अभियुक्त की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक जयप्रकाश यादव, निरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक अजय कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार दुबे, उपनिरीक्षक मंजीत कुमार सहित थाना बरसठी एवं थाना रामपुर की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही।