जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के सिधवन चौकी अंतर्गत गोसाईपुर गांव में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश बाउंड्रीवाल तोड़कर मकान में दाखिल हुए और घर में रखे लाखों रुपये के जेवरात, नकदी व अन्य सामान समेटकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत और लोगों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक गोसाईपुर निवासी सुधीर सिंह उर्फ रानू के घर में रात के समय अज्ञात चोर पीछे की तरफ से बाउंड्रीवाल तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद बदमाशों ने मुख्य दरवाजा खोलकर कमरे में रखी अलमारी को निशाना बनाया। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, नकदी, पीतल के बर्तन समेत करीब सात लाख रुपये मूल्य का सामान चोर उठा ले गए।
इतना ही नहीं, बदमाश अलमारी को भी अपने साथ उठा ले गए। सुबह घर से लगभग 100 मीटर दूर खेत में अलमारी टूटी हुई हालत में मिली। घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह परिवार के लोग सोकर उठे और घर का सामान बिखरा देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि सुबह घटना की सूचना सिधवन चौकी पुलिस को दी गई थी, लेकिन काफी देर तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। पीड़ित सुधीर सिंह ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत रामपुर थाने में दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
गांव के लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जबकि पुलिस गश्त न के बराबर है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द घटना का खुलासा कर चोरी गए सामान की बरामदगी और क्षेत्र में रात की गश्त बढ़ाने की मांग की है।
उधर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।