पुलिस की मौजूदगी में आजाद बिंद का हुआ अंतिम संस्कार,पिता ने दी मुखाग्नि

Belal Jani
By -



जौनपुर। लाइन बाजार चौकियां धाम क्षेत्र में बहुचर्चित हत्या कांड के मृतक आजाद बिंद का रविवार देर शाम पुलिस अभिरक्षा में अंतिम संस्कार कराया गया। नगर के पचहटिया स्थित रामघाट पर मृतक के पिता राम लखन बिंद ने मुखाग्नि दी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मौके पर नगर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह, लाइन बाजार थाना पुलिस तथा गौराबादशाहपुर थाना प्रभारी प्रवीण यादव भारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे। शाम लगभग छह बजे रामघाट स्थित अंत्येष्टि स्थल पर दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान परिजनों के साथ सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग भी कराई गई।


गौरतलब है कि शुक्रवार की शाम दूल्हा बने आजाद बिंद पर अपाची सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग की थी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें देखकर मृत घोषित कर दिया था।