जौनपुर।केराकत के चौकियां- नईबाजार मार्ग पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। काशी गोमती ग्रामीण बैंक के सामने दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवकों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। सरौनी पश्चिम पट्टी निवासी अविनाश उर्फ मेटी पुत्र संजू अपने साथियों अमित कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार, पंकज कुमार पुत्र जोखू तथा ईशु कुमार पुत्र संजय कुमार के साथ एक ही बाइक से अपने घर से देवकली बाजार की ओर जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक चौकियां नईबाजार स्थित काशी गोमती ग्रामीण बैंक के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई।दूसरी बाइक पर चांदेपुर थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर निवासी गजराज कुमार पुत्र रामजियावान अपने पुत्र सूरज के साथ जौनपुर से गाजीपुर की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए अविनाश कुमार पुत्र मंजू, अमित कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार, पंकज कुमार पुत्र जोखू, ईशु कुमार पुत्र संजय कुमार तथा गजराज कुमार पुत्र रामजियावान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।हादसे में सूरज पुत्र गजराज की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मंगलवार को अविनाश कुमार पुत्र मंजू तथा अमित कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार ने भी दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि अविनाश चार भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर पर था। वह पुणे में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था और 17 मई को ही घर आया था। वहीं 17 वर्षीय अमित अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी दो बहनें हैं। अमित घर पर रहकर शादी समारोहों में टेंट लगाने का कार्य करता था।