जौनपुर के व्यक्ति का मलिहाबाद में मिला शव,परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

Belal Jani
By -


जौनपुर ।मीरगंज थाना क्षेत्र के करौर गांव निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश यादव के चाचा सत्यनारायण यादव, 62 वर्ष, का शव लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र में 15 मई को संदिग्ध हालत में सुनसान जगह पर मिला। मलिहाबाद पुलिस ने लावारिस मानकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना की सूचना आठ दिन बाद पुलिस ने मोबाइल से परिजनों को दी, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया। 
पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश यादव ने आरोप लगाया है कि उनके चाचा की हत्या की गई है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। 
परिजनों के अनुसार सत्यनारायण यादव पिछले 25 वर्षों से फल का कारोबार कर अपने बच्चों का भरण-पोषण कर रहे थे। 10 मई को उन्होंने पत्नी जड़ावती देवी से फोन पर बात भी की थी। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। 
सूचना मिलते ही पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश कुमार यादव, मृतक के पुत्र अनुभव कुमार यादव व अन्य परिजन मामले की जानकारी लेने के लिए लखनऊ के मलिहाबाद रवाना हो गए हैं। 
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।