हज यात्रा पर रवाना हुए आज़मीन-ए-हज, लोगों ने दी मुबारकबाद

Belal Jani
By -

जौनपुर।सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का में हज की अदायगी का अरमान लिए आज़मीन-ए-हज के रवाना होने का सिलसिला अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसी क्रम में बुधवार को जौनपुर से हज यात्रा पर जाने वाले हाजियों का एक जत्था दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ। शहर के रिज़वी खां मोहल्ला स्थित अटाला मस्जिद के पीछे से अबुल क़ैस अपनी पत्नी समेत अन्य हाजियों के साथ रवाना हुए, जहां उन्हें विदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे।
         इस दौरान पूरे क्षेत्र का माहौल भावुक हो उठा। मौजूद लोगों ने नारे-ए-तकबीर की सदाएं बुलंद करते हुए हाजियों को मुबारकबाद दी और मुल्क में अमन, चैन, भाईचारा तथा खुशहाली के लिए विशेष दुआ करने की अपील की। हज पर जाने वाले लोगों से गले मिलकर परिजनों और शुभचिंतकों ने दुआओं की दरख्वास्त की।
       मरकज़ी सीरत कमेटी के पूर्व अध्यक्ष हफ़ीज़ शाह ने बताया कि जौनपुर से इस वर्ष कुल 68 लोग अलग-अलग तिथियों में दयार-ए-हरम के लिए रवाना हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा कई लोग निजी कंपनियों के माध्यम से भी हज यात्रा पर जा रहे हैं। हज इस्लाम का महत्वपूर्ण स्तंभ है और हर मुसलमान की तमन्ना होती है कि उसे जिंदगी में एक बार इस मुकद्दस सफर का मौका जरूर मिले।
          विदाई के दौरान मोहम्मद आलम सोनू, खुर्रम, मिस्बाह, बेलाल खान, अबुल सैफ खान, मेराज अहमद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने भावुक माहौल में आज़मीन-ए-हज से गले मिलकर उनसे अपने और मुल्क की सलामती के लिए दुआ करने की गुजारिश की।

Tags: