जौनपुर।मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के इटहरा गांव के पास बीते बुधवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान शुक्रवार को देर शाम मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कबीरपुर नीभापुर निवासी शिवनन्दन बिन्द पुत्र बेचूलाल ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि बीते 13 मई 2026 की शाम करीब 4:15 बजे वह अपने बहनोई राहुल बिन्द पुत्र राकेश बिन्द, निवासी ग्राम इटहरा के साथ बजाज प्लेटिना बाइक से मुंगराबादशाहपुर से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे इटहरा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचे, राहुल बिन्द गाड़ी से उतरकर जाने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार इर्टिगा कार ने राहुल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने 112 नंबर पर सूचना देकर घायल राहुल को सीएचसी सतरहीया में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद, बेहतर सुविधाओं के लिए उसे तत्काल नजदीकी एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। चोट की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां भी स्वास्थ्य में सुधार न होने पर परिजन उसे फूलपुर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में लेकर गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे किसी अन्य उच्च केंद्र पर ले जाने की सलाह दी। परिजन उसे लेकर आगे बढ़ ही रहे थे कि शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे रास्ते में ही राहुल ने दम तोड़ दिया। शनिवार को मृतक के साले शिवनन्दन बिन्द ने मुंगराबादशाहपुर थाने में लिखित तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई और शासकीय सहायता की मांग की है।पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात इर्टिगा कार चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। स्थानीय पुलिस टीम घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लेने का दावा कर रही है।