जौनपुर।खुटहन पुलिस ने एकतरफा प्रेम में दूल्हे की हत्या की साजिश रच रहे युवक को गिरफ्तार कर बड़ी घटना टाल दी। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी राजन यादव निवासी गांव शेखपुर सुतौली को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 11 जून को गांव की एक युवती की शादी तय थी। इस दौरान दूल्हे को मोबाइल फोन से बारात न लाने और जान से मारने की धमकी दी गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
सर्विलांस की मदद से धमकी देने वाले नंबरों का संबंध राजन यादव से मिला। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शेखपुर सुतौली स्थित एक बगीचे से उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह युवती से एकतरफा प्रेम करता था और खेतासराय के चर्चित आजाद बिंद दूल्हा हत्याकांड से प्रभावित होकर उसने दूल्हे की हत्या की योजना बनाई थी। शादी के बाद दूल्हे की गाड़ी पर फायरिंग करने के इरादे से वह तमंचा लेकर बगीचे में छिपा था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पूर्व में दर्ज केस में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराएं बढ़ाकर उसे चलान न्यायालय भेज दिया।