जौनपुर।मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के भिखारीपुर कला (पोस्ट थलोई) निवासी ज्योति पुत्री रमाशंकर ने बस यात्रा के दौरान नकदी और आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार वह बुधवार को मीरगंज थाना क्षेत्र स्थित जंघई बस स्टॉप से बस में सवार होकर घर लौट रही थी। उसके पास एक सूटकेस था, जिसमें दो छोटे बैग रखे थे। एक बैग में 10 हजार रुपये नकद तथा दूसरे में सोने-चांदी के आभूषण रखे थे। इनमें तीन तल्ला झुमका, मांगटीका, नथिया, मंगलसूत्र का लॉकेट, सोने की अंगूठी, पायल, करधन, दो जोड़ी बिछिया सहित अन्य सामान शामिल था।
महिला का आरोप है कि वह सूटकेस अपने पास लेकर बैठी थी, लेकिन बस कर्मियों द्वारा सूटकेस पीछे रखने के लिए कहा गया और उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने की बात कही गई। इस पर उसने सूटकेस बस कर्मियों को सौंप दिया। यात्रा के दौरान उसका सामान चोरी हो गया।
पीड़िता ने आशंका जताई है कि बस में मौजूद किसी व्यक्ति ने ही उसके सामान पर हाथ साफ किया है। उसने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि बस जंघई से चली थी। चोरी की घटना किस स्थान पर हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।