भुड़कुड़हा मोड़ पर हुआ हादसा, एंबुलेंस चालक की हालत गंभीर; घटना के चलते कुछ देर तक बाधित रहा यातायात
जौनपुर।खेतासराय राष्ट्रीय राजमार्ग-135ए पर बुधवार को भुड़कुड़हा मोड़ के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पश्चिम बंगाल से शव लेकर अंबेडकरनगर जा रही एंबुलेंस और सामने से आ रही स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में छह लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, राकेश सिंह और उनके भाई शिवमूरत सिंह अपनी मां कौसल्या सिंह का शव लेकर पश्चिम बंगाल के वर्धमान से अंबेडकरनगर स्थित पैतृक गांव करीमपुर जा रहे थे। एंबुलेंस जैसे ही गुरैनी पेट्रोल पंप के समीप भुड़कुड़हा मोड़ पर पहुंची, तभी सामने से आ रही स्कॉर्पियो से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
स्कॉर्पियो में पूर्व बीडीओ बेचन राम सरोज अपने चालक गिरधारी यादव के साथ अयोध्या से दवा लेकर भदोही लौट रहे थे। हादसे में एंबुलेंस चालक रंजीत बनर्जी (पश्चिम बंगाल) समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं स्कॉर्पियो में लगे एयरबैग खुल जाने से उसमें सवार लोगों को अपेक्षाकृत कम चोटें आईं। चिकित्सकों के अनुसार एंबुलेंस चालक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि एंबुलेंस और स्कॉर्पियो की टक्कर में कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।