शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक,मचा हड़कंप

Belal Jani
By -


जौनपुर।बक्सा थाना क्षेत्र के नौपेडवा बाजार में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और एक युवती से शादी कराने की मांग को लेकर नीचे उतरने से इनकार कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक टावर पर चढ़कर लगातार अपनी बात मनवाने की जिद करता रहा। उसने कहा कि यदि उसकी शादी संबंधित युवती से नहीं कराई गई तो वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मी युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास करते रहे ताकि वह सुरक्षित नीचे उतर आए। एहतियात के तौर पर टावर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।
स्थानीय लोगों के बीच घटना चर्चा का विषय बनी रही। काफी देर तक बाजार क्षेत्र में लोगों की भीड़ लगी रही और सभी की निगाहें टावर पर चढ़े युवक पर टिकी रहीं।
पुलिस और प्रशासन युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटा रहा है।