जलालपुर के दो गैंग सदस्यों पर कार्रवाई
जौनपुर।पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र द्वारा संचालित "ऑपरेशन वज्रपात" अभियान के तहत जनपद में मनबढ़ और आपराधिक प्रवृत्ति के युवकों पर शिकंजा कसने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। अभियान का उद्देश्य ऐसे गैंगों पर प्रभावी अंकुश लगाना है, जो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मुंह ढंककर घूमते हैं और अचानक हमला कर मारपीट, भय एवं अशांति का माहौल पैदा करते हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में जिले के सभी थानों द्वारा व्यवसायियों, होटल संचालकों, दुकानदारों, पेट्रोल पंप संचालकों, ज्वैलर्स, जनसेवा केंद्र संचालकों, चिकित्सकों, अस्पताल प्रबंधकों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों एवं अन्य सम्मानित नागरिकों के साथ संयुक्त बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में लोगों से ऐसे मनबढ़ युवकों की गोपनीय सूचना पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की गई, ताकि समय रहते उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस के अनुसार कुछ युवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ फोटो एवं वीडियो अपलोड कर दहशत फैलाने का प्रयास करते हैं। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सभी थाना प्रभारियों और बीट पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि ऐसे व्यक्तियों का विवरण डेटा यक्ष एप पर अपलोड करें।
अभियान के दौरान थाना जलालपुर पुलिस ने कुख्यात अपराधी संदीप यादव उर्फ शूटर निवासी नेवादा, थाना जलालपुर को चिन्हित किया है, जो कथित रूप से 0505 गैंग का सदस्य बताया गया है। उसके खिलाफ जलालपुर थाने में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, लूट, चोरी, आबकारी अधिनियम तथा गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं।
इसी क्रम में रवि यादव उर्फ लालू यादव उर्फ फाइटर निवासी बनपुरवां रेहटी, थाना जलालपुर, जो कथित रूप से 0606 गैंग का सदस्य है, के खिलाफ इंस्टाग्राम पर हथियार लहराने का वीडियो वायरल होने के बाद मु.अ.सं. 241/2026 के तहत आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। उसके विरुद्ध भी पूर्व से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट और एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन वज्रपात के तहत ऐसे सभी गैंगों और उनके सदस्यों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना तथा आम जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम करना है।