जौनपुर। शहर के मुहल्ला वाजिदपुर ( उत्तरी) स्थित हज़रत सैय्यद मक़बूल शाह कुतुब र.अ. का सालाना उर्स मुबारक रविवार को अकीदत और श्रद्धा के साथ धूमधाम से मनाया गया। उर्स के अवसर पर दरगाह परिसर में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने पहुंचकर चादरपोशी की तथा अमन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित महफ़िले-शमा में नात, मनकबत और तकरीरों का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। दूर-दराज़ क्षेत्रों से आए जायरीनों ने बुजुर्ग की बारगाह में हाज़िरी लगाकर अपनी मन्नतें पेश कीं।
इस अवसर पर आयोजन से जुड़े मोहम्मद शान ने बताया कि यह उर्स कई वर्षों से लगातार मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दरगाह की लोगों में गहरी आस्था है, जिसके चलते हर वर्ष जौनपुर ही नहीं बल्कि दूर-दूर से भी बड़ी संख्या में अकीदतमंद यहां पहुंचते हैं। उर्स के दौरान क्षेत्र में धार्मिक एवं आध्यात्मिक माहौल बना रहता है और सभी समुदायों के लोग बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक दुआ कर देश, प्रदेश और समाज में शांति, सौहार्द एवं तरक्की की कामना की गई। आयोजन समिति ने उर्स को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।