बोलेरो की चपेट में आकर सहायक अध्यापक की मौत,परिवार मे मायूसी

Belal Jani
By -


जौनपुर।मड़ियाहूं कोतवाली नगर के खैरुद्दीनगंज (रानीपुर) निवासी एवं विकासखंड रामनगर के भटवार उच्च प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत सहायक अध्यापक प्रमोद कुमार पांडेय (51) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना गुरुवार रात शिवपुर बाईपास के पास हुई, जहां बोलेरो की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार प्रमोद पांडेय शिवपुर स्थित एक पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह वाहन के नीचे फंस गए और कुछ दूरी तक घिसटते चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, तब चालक ने वाहन रोका।

स्थानीय लोगों ने घायल शिक्षक को वाहन के नीचे से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें जौनपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा गया। ट्रामा सेंटर पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बोलेरो चालक को वाहन सहित पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रमोद पांडेय की असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनके निधन से शिक्षा जगत एवं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।