विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण

Belal Jani
By -


पोलिंग पार्टियों की रवानगी से लेकर मतगणना तक की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को समयबद्ध तैयारी के निर्देश

जौनपुर।आगामी विधानसभा निर्वाचन 2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अधिकारियों की टीम ने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर चुनाव से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतदान के बाद उनकी रिसीविंग और मतगणना संपन्न कराने के लिए आवश्यक स्थलों का आकलन किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परिसर में उपलब्ध स्थानों का बारीकी से जायजा लेते हुए पोलिंग पार्टियों के आवागमन, वाहनों की पार्किंग, मतदान सामग्री के वितरण और जमा करने सहित मतगणना की व्यवस्था पर चर्चा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्वाचन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन का जोर आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर है। इसके लिए निर्वाचन संबंधी तैयारियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण भी इसी तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।