26 साल से जमीन के विवाद में न्याय न मिलने का आरोप, कलेक्ट्रेट के सामने आत्मदाह की कोशिश

Belal Jani
By -


 

जौनपुर। जिला कलेक्ट्रेट के सामने शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन संबंधी विवाद से परेशान एक अधेड़ पेट्रोल लेकर आत्मदाह करने पहुंच गया। उसने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर पहले से तैनात पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और जिलाधिकारी कार्यालय ले गया।

मामला सदर तहसील के जलालपुर थाना क्षेत्र के राजेपुर द्वितीय गांव का है। पीड़ित नरेंद्र बहादुर सिंह पुत्र स्व. श्याम नारायण सिंह का आरोप है कि वह पिछले 26 वर्षों से जमीन के विवाद को लेकर अधिकारियों और तहसील के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसे न्याय नहीं मिल पा रहा है।

नरेंद्र बहादुर सिंह के मुताबिक, उन्होंने चक संख्या 1245 में हरिश्चंद्र मिश्रा से 19 एयर जमीन बैनामा कराई थी, जिस पर उनका कब्जा है। इसके बगल में स्थित चक संख्या 1243 में भी उन्होंने 14.7 एयर जमीन खरीदी थी, जो खाली पड़ी है।

आरोप है कि तमाम कागजात उपलब्ध होने के बावजूद राजस्व विभाग के अधिकारी जमीन की सही पैमाइश नहीं करा रहे हैं। उन्हें यह कहकर टाल दिया जाता है कि उनकी जमीन संबंधित स्थान पर नहीं, बल्कि कहीं अन्यत्र है।

पीड़ित का आरोप है कि चक संख्या 1243 में जमीन के अन्य बैनामेदारों को अलग-अलग तरीके से जमीन की पैमाइश और कब्जा दिया जा रहा है, जबकि उन्हें मात्र नौ फीट चौड़ाई में करीब चार एयर जमीन ही उपलब्ध कराई जा रही है। इससे वह लंबे समय से परेशान हैं। उनका दावा है कि इस मामले में पूर्व जिलाधिकारी भी तीन बार एसडीएम को फोन कर प्रकरण निस्तारित करने के निर्देश दे चुके थे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

घटना के बाद पुलिस नरेंद्र बहादुर सिंह को जिलाधिकारी कार्यालय ले गई। इस दौरान एसडीएम सदर ने उन्हें बुलाकर बातचीत की और आश्वासन दिया कि जमीन विवाद से जुड़े तीनों पक्षों को बुलाकर बैठक की जाएगी तथा मामले का समाधान कराने का प्रयास होगा।

26 वर्षों से जमीन के विवाद में न्याय की आस लगाए बैठे व्यक्ति के कलेक्ट्रेट के सामने आत्मदाह की कोशिश करने की घटना ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, जमीन की वास्तविक स्थिति और पैमाइश को लेकर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।