जौनपुर। लखनऊ में खाकी को दागदार करने वाले पुलिसकर्मी की संलिप्तता उजागर होने के बाद जौनपुर पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई हुई है। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने जिले के विभिन्न थानों में तैनात 47 सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिश्वत लेने और वसूली करने की शिकायतें मिल रही थीं।
एसपी ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गोपनीय विभाग, सर्विलांस और जनता से मिली सूचनाओं सहित अन्य स्रोतों से इनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इसके आधार पर 47 पुलिसकर्मियों को चिह्नित किया गया।
आरोप है कि ये पुलिसकर्मी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से वसूली और रिश्वतखोरी में संलिप्त थे, जिससे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हो रही थी। एसपी ने स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता और इस तरह की शिकायतें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।