गूगल-पे अकाउंट हैक कर बैंक खाते से निकाली गई रकम

Belal Jani
By -


जौनपुर।बरसठी साइबर ठगों ने ऑनलाइन भुगतान की सुविधा को ही ठगी का जरिया बना लिया। एक व्यक्ति का गूगल-पे अकाउंट हैक कर उसके बैंक खाते से 79 हजार धनराशि निकाल ली गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने करीब 21 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। झिगुरियाँ गांव निवासी कुलदीप पुत्र विश्वंभरनाथ के अनुसार, 26 अक्टूबर की शाम उनका गूगल-पे अकाउंट हैक कर बैंक खाते से 79 हजार रुपये निकाल लिए गए। यह रकम आशिफ एजाज शेख नाम की यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर की गई। घटना के अगले दिन 27 अक्टूबर को पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने 16 नवंबर को थाने में तहरीर देकर कार्रवाई और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आशिफ एजाज शेख के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम की धारा 66डी के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।इस संबंध में थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।