जौनपुर।खेतासराय कस्बे के मुख्य चौराहे पर पुलिस पिकेट के सामने ई-रिक्शा सवार महिला के गले से तीन महिलाओं ने करीब पौने दो तोले की सोने की चेन उड़ा दी। चेन की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों महिलाएं भीड़भाड़ वाले इलाके से फरार हो गईं। पुलिस पिकेट के सामने हुई इस घटना ने कस्बे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, बीरी शमसुद्दीनपुर निवासी महगीना पत्नी मोतीलाल अपनी बहू प्रभावती के साथ अमरेथुआ गांव निवासी रिश्तेदार चंद्रेश के घर आयोजित शुद्धक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। दोनों बीरी गांव से ई-रिक्शा पर सवार हुईं। रास्ते में कस्बे के दुर्गा मंदिर के पास तीन अन्य महिलाएं भी उसी ई-रिक्शा में सवार हो गईं।
बताया जाता है कि मुख्य चौराहे पर पुलिस पिकेट के सामने पहुंचते ही तीनों महिलाएं ई-रिक्शा से उतरकर चली गईं। कुछ देर बाद महगीना के गले से सोने की चेन गायब होने की जानकारी हुई। आशंका है कि ई-रिक्शा में सफर के दौरान ही तीनों महिलाओं ने मौका पाकर चेन पार कर दी।
पुलिस पिकेट के सामने हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। लोगों ने कस्बे में सक्रिय महिला चेन उचक्कों पर अंकुश लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।