यूट्यूब पर गाय का विज्ञापन देखकर किया संपर्क, युवक से 1.42 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी

Belal Jani
By -


गाय की कीमत 25 हजार तय हुई, ट्रक में लादने से लेकर रास्ते की जांच तक के नाम पर वसूली रकम; न गाय मिली और न पैसे
जौनपुर। सरपतहां ऑनलाइन विज्ञापन देखकर गाय खरीदना एक युवक को भारी पड़ गया। साइबर ठग ने गाय भेजने का झांसा देकर अलग-अलग बहानों से 1,42,607 रुपये ऐंठ लिए। रकम लेने के बाद न तो गाय पहुंची और न ही रुपये वापस मिले। पीड़ित की तहरीर पर सरपतहां पुलिस ने राजस्थान निवासी आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सुइथाकला क्षेत्र के ऊंचगांव निवासी तिलकधारी सिंह के अनुसार, उन्होंने गाय खरीदने के लिए यूट्यूब पर एक वीडियो देखा था। विज्ञापन में दिए गए संपर्क के आधार पर राजस्थान के जयपुर निवासी रूपेश कुमार से बातचीत हुई। आरोप है कि 7 अक्टूबर 2026 को आरोपित ने एडवांस के नाम पर पांच हजार रुपये मांगे। इसके बाद गाय की कीमत 25 हजार रुपये तय हुई। अन्य सामान और चटाई के नाम पर 10,600 रुपये भी मांगे गए।
आरोप है कि 8 अक्टूबर को गाय भेजने का आश्वासन दिया गया, लेकिन इसके बाद ठगी का सिलसिला शुरू हो गया। कभी ट्रक में गाय लादने तो कभी रास्ते में जांच होने का हवाला देकर आरोपित लगातार रुपये मांगता रहा। इस तरह अलग-अलग बहाने बनाकर कुल 1,42,607 रुपये वसूल लिए गए।
पीड़ित के मुताबिक, बाद में बताया गया कि गाय लेकर जा रहा ट्रक लखनऊ पहुंचने पर खराब हो गया है। विश्वास दिलाने के लिए आरोपित ने गाय का दूध निकालते हुए फोटो भी भेजा और 10 अक्टूबर तक रुपये वापस करने का आश्वासन दिया। बावजूद इसके न गाय मिली और न ही रकम वापस हुई। इसके बाद पीड़ित ने 13 अक्टूबर को साइबर सेल हजरतगंज, लखनऊ में भी शिकायत दर्ज कराई।

इस संबंध में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपित के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।