1360 रुपये नकद, बाइक, बैग और मोबाइल के खुले पार्ट्स बरामद; दो अन्य की तलाश में जुटी पुलिस
जौनपुर।मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस ने जहरखुरानी और चोरी के मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रयागराज जिले के बहरिया थाना क्षेत्र के सैफखानपुर उर्फ चिल्हाराय निवासी राजेश कुमार गौतम और मंसूरपुर निवासी मुर्तिशंकर उर्फ बच्चू के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1360 रुपये नकद, इस्तेमाल किए हुए कपड़ों से भरा एक बैग, काले रंग का पिट्ठू बैग, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल के खुले हुए पार्ट्स बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के पर्यवेक्षण में मुंगराबादशाहपुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुकदमा संख्या 393/26 से संबंधित दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार राजेश कुमार गौतम का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध जौनपुर, प्रयागराज और प्रतापगढ़ के विभिन्न थानों में चोरी, जहरखुरानी, हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख है। वहीं, दूसरे गिरफ्तार आरोपित मुर्तिशंकर उर्फ बच्चू का इस मामले में आपराधिक इतिहास दर्ज बताया गया है।
इस प्रकरण में पुलिस ने दो अन्य लोगों को भी प्रकाश में आया अभियुक्त बताया है, जिनमें हिमालय उर्फ अरुण कुमार निवासी इस्माइलपुर, थाना सोरांव तथा जितेंद्र पटेल निवासी चकिया धमौर, थाना बहरिया, प्रयागराज शामिल हैं। दोनों की गिरफ्तारी अभी शेष है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह, कांस्टेबल पंकज मिश्रा और कांस्टेबल गौतम कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।