डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने की सुख-समृद्धि की कामना

Belal Jani
By -


छठ महापर्व पर छठी मइया के जयकारों से गूंजे घाट, सुरक्षा के लिए स्टीमर पर तैनात रहे गोताखोर और पीएसी के जल पुलिस जवान


जौनपुर। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व डाला छठ पर रविवार को पूरा जनपद भक्तिमय नजर आया। चार दिवसीय महापर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की। शाम होते ही गोमती नदी के विभिन्न घाटों पर आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि हर तरफ छठी मइया के जयकारे और पारंपरिक छठ गीतों की गूंज सुनाई देने लगी।
नगर के गोपी घाट, विसर्जन घाट, हनुमान घाट, बजरंग घाट, गुलर घाट समेत गोमती नदी के सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रंग-बिरंगे वस्त्रों में सजी व्रती महिलाएं सिर पर पूजन सामग्री से भरे दउरा और सूप लेकर परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचीं। घाटों पर पहुंचकर महिलाओं ने वेदी के सामने पूजा-अर्चना की और अस्त होते सूर्यदेव को अर्घ्य देकर छठी मइया से परिवार के कल्याण की प्रार्थना की।
जैसे ही भगवान भास्कर अस्ताचल की ओर बढ़े, घाटों पर श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जल में खड़ी व्रती महिलाओं ने दूध और जल से सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में सराबोर हो गया। घाटों पर मौजूद परिवार के सदस्यों ने भी पूजा में भाग लिया और व्रती महिलाओं का उत्साह बढ़ाया।
महापर्व को लेकर जिला प्रशासन और नगर पालिका की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी भी लगातार मुस्तैद रहे, ताकि पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।

वहीं, नदी में किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई। स्टीमर पर गोताखोरों और पीएसी के जल पुलिस जवानों को तैनात किया गया था। सुरक्षा कर्मी लगातार नदी में चक्रमण करते रहे और श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। प्रशासन की सतर्कता और सुरक्षा इंतजामों के बीच छठ महापर्व का तीसरा दिन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।