जौनपुर।मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में रविवार की रात इंजन मोटर चोरी कर रहे चार चोरों में से दो चोरों को ग्रामीणों ने दिलेरी का परिचय देते हुए दौड़ा कर दबोच लिया तथा उसकी दैहिक समीक्षा करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। जबकि दो चोर भागने में सफल रहे।
मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मीरपुर काछीडीह एवं कबीरपुर गांव में एक सप्ताह में आधा दर्जन से अधिक पंपिंग सेट इंजन मोटर चोरी की घटनाएं घटित हो चुकी है। जिसके कारण क्षेत्र के किसान सीवान में लगे अपने निजी पंप मोटरों की रातभर रखवाली करने लगे। रविवार रात कबीरपुर गांव में चोर मोटर खोल रहे थे तभी पहरा दे रहे ग्रामीणों ने उन्हें घेर कर दबोच लिया और दैहिक समीक्षा करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। जबकि साथ में रहे दो अन्य चोर अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे।इस बाबत थानाध्यक्ष संतोष पाठक का कहना है कि पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ के बाद कार्यवाही की जाएगी।