न्याय के लिए कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के यहां लगा रही चक्कर
पहले पति से भी है एक बच्चा, ससुराल में रहने किए रायबरेली से पहुंची जौनपुर
जौनपुर। रायबरेली जिले के ग्राम हरदीविकर की रहने वाली काजल का चार साल पहले जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के ग्राम अतरौरा के रहने वाले मिथलेश से आंखे चार हो गई। प्रेम परवान चढ़ा तो मिथिलेश से काजल को एक बच्चा अयांश हुआ। बताते चले कि काजल विधवा थी और उसका पहले से एक बच्चा था। मायके में अपने जिंदगी के दिन काट रही थी। इसी दौरान मिथलेश उसके घर आने जाने लगा और दोनों में प्रेम संबंध हो गए। मजे की बात ये है कि मिथिलेश पहले से ही तीन बच्चों का बाप है। काजल का आरोप है कि उसने अपने आपको कुंवारा बताया था। मिथिलेश जब अपने घर जौनपुर आया तो काजल से किनारा करने लगा। काजल अपने दो बच्चों को साथ लेकर रायबरेली से जौनपुर मिथिलेश के घर आ गई और उसी के साथ रहने की जिद करने लगी। उसके आने की खबर लगते ही मिथिलेश और उसके घर वाले फरार हो गए और घर में ताला लगा दिया। गांव में पंचायत बैठी और काजल के पक्ष में लोग हो गए। वहीं अपनी फरियाद लेकर पीड़ित महिला सरायख्वाजा थाने गई तो आरोप लगाया कि साहब ने डांटकर भाग दिया। थाने पर सुनवाई न होने पर काजल अपने दो बच्चों के साथ पुलिस कप्तान के यहां आ गई। बताते चले कि काजल की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है और दो बच्चों के साथ वह दर बदर की ठोकरें खाने को मजबूर है।